मालवा-निमाड़ में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के करीब चार साल kay बाद कांग्रेस फिर इंदौर मे युवाओं के बीच पहुंचने की तैयारी में है।19 सितंबर को होने वाले ‘छात्रों की गूंज ’कार्यक्रम के तहत कांग्रेस शिक्षा, रोजगार और भर्ती जैसे मुद्दों पर छात्रों से सीधा संवाद करेगी।

मध्य प्रदेश में 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ा यात्रा गुजरी थी। यात्रा का रूट मालवा निमाड़ का क्षेत्र ही था। इस दौरान पार्टी को उम्मीद थी कि राहुल गांधी की यात्रा वाले रूट पर पड़ने वाले विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी का प्रदर्शन सुधरेगा, लेकिन चुनाव के बाद जब नतीजे आए तो हालत पहले से भी खराब हो गई।
अब उसी क्षेत्र को फिर से राहुल गांधी की छात्रों की गुंज कार्यक्रम के लिए चुना गया है, तो क्या इसका असर 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा !
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने नवंबर-दिसंबर 2022 में बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर मालवा के हिस्सों को कवर किया था करीब 380 किलोमीटर के इस रूट में 21 विधानसभा सीटें थीं। इन सीटों का 2018 और 2023 का चुनावी गणित भी दिलचस्प है। 2018 मेंभाजपा के खाते में यहां की 14 सीटें थीं और कांग्रेस सात सीटों पर जीती थी।
2023 में भाजपा का आंकड़ा बढ़कर 17 हो गया, जबकि कांग्रेस चार सीटों तक सीमित रही। कांग्रेस की 2023 में जीती चार सीटें भीकनगांव, तराना, महिदपुर और सुसनेर हैं। 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का नया फोकस युवाओं और छात्रों पर दिखाई दे रहा है। इंदौर में 19 सितंबर को राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से सीधे संवाद करेंगे।
यह इस अभियान का पांचवां कार्यक्रम है। कांग्रेस के मुताबिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों ने पंजीयन कराया है अभियान में शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा, भर्ती और रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी जा रही है।