भाजपा ने 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड, सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल तथा स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा की जिम्मेदारी मिली है। यूपी में विनोद तावड़े के साथ चार सह-प्रभारी बनाए गए हैं।
भाजपा ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। पार्टी ने कई बड़े नेताओं को अहम संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस सूची में राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है, जबकि सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी मिली है। स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को प्रभारी और चार नेताओं को सह-प्रभारी बनाया गया है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है। उत्तराखंड में उनके साथ अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। तमिलनाडु में उनके साथ निर्मल कुमार सुराना और डॉ. के. अरुणा सह-प्रभारी होंगी। दूसरी ओर सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल दोनों राज्यों का प्रभारी बनाया गया है। तेलंगाना में उनके साथ अभय पाटिल और रेखा शर्मा सह-प्रभारी हैं। पश्चिम बंगाल में लाल सिंह आर्य, राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा को सह-प्रभारी बनाया गया है।