सावन की अंतिम सोमवारी पर सोमवार को मधेपुरा के प्रसिद्ध सिंहेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने से अफरातफरी की स्थिति बन गई।रात से ही मंदिर में जुटने लगे थे श्रद्धालु ,रविवार रात करीब 1 बजे सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद मंदिर का पट श्रद्धालुओं के लिए खुला।

सुबह करीब 8 बजे के बाद जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ने लगी। इस दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कतार टूटने से भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। भीड़ के दबाव में प्रशासन की बैरिकेडिंग भी टूट गई। इस दौरान करीब आधा दर्जन श्रद्धालु गिरकर घायल हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी को भी चोटे आई । भीड़ के दबाव में उनकी वर्दी तक फट गई। सभी घायलों को तत्काल जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गय।
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही मधेपुरा डीएम, एसपी, एसडीएम और एसडीपीओ समेत प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने भीड़ को नियंत्रित किया और श्रद्धालुओं को दोबारा कतार में लगाकर जलाभिषेक की व्यवस्था शुरू कराई।