रेलवे ने दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन सितंबर से नवंबर तक 13-13 फेरों के लिए बढ़ा दिया है। इससे गुजरात और पश्चिमी राज्यों से बिहार व बंगाल लौटने वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी।
आगामी त्योहारों के मद्देनज़र दुर्गा पूजा, दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी प्रमुख स्पेशल ट्रेनों के परिचालन को जारी रखने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन के इस फैसले से परदेस से घर लौटने वाले बिहार और बंगाल के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राह।

मालदा रेल मंडल की जनसंपर्क अधिकारी ने जानकारी साझा की है। रेलवे द्वारा जारी संशोधित शेड्यूल के अनुसार, गुजरात व पश्चिमी राज्यों को भागलपुर और मालदा टाउन से जोड़ने वाली इन ट्रेनों को सितंबर से नवंबर के बीच कुल 13-13 फेरों (ट्रिप्स) के लिए विस्तारित किया गया है।