आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों से मंदिरों के लिए जमीन और स्थान जल्द तय करने को कहा है। अब तक 4,192 मंदिरों के प्रस्ताव मिले हैं और 967 मंदिरों का निर्माण पूरा हो चुका है।आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्यभर में प्रस्तावित 5,000 मंदिरों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम और धर्मादा विभाग के अधिकारियों से मंदिरों के लिए स्थान जल्द से जल्द तय करने को कहा।
समीक्षा बैठक के दौरान टीटीडी के कार्यकारी अधिकारी मुद्दादा रवि चंद्र ने बताया कि 28 जिलों के 161 विधानसभा क्षेत्रों से 4,192 मंदिरों के निर्माण के प्रस्ताव मिले हैं, जबकि 967 मंदिरों का निर्माण पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि मंदिरों का निर्माण तीन श्रेणियों के तहत किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायडू ने मंदिर निर्माण और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए श्रीवाणी ट्रस्ट से प्राप्त धन का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि टीटीडी को हिंदू धर्म और आध्यात्मिकता के प्रचार-प्रसार से जुड़े अपने कार्यक्रमों का दायरा बढ़ाना चाहिए
नायडू ने कहा कि टीटीडी के पास करीब 11.8 लाख श्रीवारी सेवा स्वयंसेवक हैं। नवनिर्मित मंदिरों में इन स्वयंसेवकों की सेवाओं का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने बोर्ड सदस्यों, श्रद्धालुओं और श्रीवारी सेवा स्वयंसेवकों को शामिल करते हुए कार्यकारी समितियां गठित करने की संभावना पर भी विचार करने को कहा।मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों की राजधानियों में संबंधित सरकारों से परामर्श कर भगवान वेंकटेश्वर के मंदिर बनाने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि मॉरीशस जैसे देशों से भी भगवान वेंकटेश्वर के मंदिरों के निर्माण की मांग आ रही है। नायडू ने श्रीवारी मंदिरों को हिंदुओं के आध्यात्मिक केंद्रों के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।नायडू ने नए मंदिरों के लिए आवश्यक पुजारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्देश दिया।