11 सितंबर को नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों में छुट्टी रहेगी। 18वें ब्रिक्स लीडर्स समिट के चलते डीओपीटी ने यह आदेश जारी किया है। ब्रिक्स लीडर्स समिट का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक होगा। साथ ही वाहनों की आवाजाही को लेकर दिल्ली ट्रैफिक से पहले ही एडवायजरी जारी कर दी है|
इस अहम अंतरराष्ट्रीय आयोजन की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। आयोजन के दौरान नई दिल्ली में विदेशी मेहमानों की आवाजाही रहेगी। व्यापक लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं के मद्देनजर दिल्ली पुलिस की सलाह पर 11 सितंबर को सरकारी कार्यालय बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
इन तीन दिनों में नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में कई अहम बैठकें होंगी। इनमें ब्रिक्स बिजनेस फोरम और ब्रिक्स लीडर्स समिट भी शामिल है। ब्रिक्स में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं।