केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को रविवार शाम सांस लेने में तकलीफ और बुखार की शिकायत के बाद दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। ख़बरों के अनुसार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री मांझी को शाम को एम्स के आपातकालीन विभाग में लाया गया। रात करीब नौ बजे उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया।
जीतन राम मांझी 3 सितंबर को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद पटना से व्हील चेयर पर दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। हालांकि, उस दौरान उनके निजी सहायक ने साफ किया कि केंद्रीय मंत्री की हालत गंभीर नहीं है। वायरल फीवर के बाद उनके शरीर में कमजोरी है, जिसकी वजह से उन्हें चलने में परेशानी हो रही है।

उन्हें वायरल फीवर हो गया था और पटना में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के बाद अब उनकी स्थिति में काफी सुधार है और वह स्वस्थ हैं। बुखार के बाद मांझी के शरीर में कमजोरी रह गई है। इसी वजह से उन्हें चलने में परेशानी हो रही है। यात्रा के दौरान परेशानी न हो, इसलिए उनके लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की गई थी। डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है और जरूरी चिकित्सकीय जांच कर रही है। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, मांझी को डेंगू होने की आशंका है। हालांकि, एम्स की ओर से अभी उनकी स्थिति को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।