लखीमपुर में पेड़ नदी में समाया कल 70 जिलों में अलर्ट यूपी में मानसूनी बारिश से नदियां उफान पर हैं। 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। 4 लाख की आबादी प्रभावित है। चंदौली में 6 डैम ओवरफ्लो हो चुके हैं। सभी के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा। लतीफशाह डैम से पानी झरने की तरह बह रहा है।

लखीमपुर खीरी में शारदा नदी का कटान तेज हो गया है। एक विशाल पेड़ नदी में समा गया। बलिया में गंगा-सरयू खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। कई गांव-मोहल्ले बाढ़ से घिर गए। सड़कों पर नाव चलीं।भदोही में गांव में 15 फीट लंबा अजगर निकल आया। वन विभाग की टीम ने उसे पकड़कर जंगल में छोड़ा। कानपुर-उन्नाव में गंगा खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं। नदी किनारे बसे गांवों में 10 फीट तक पानी भर गया है।
वाराणसी में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। लखनऊ से सटे बाराबंकी में मस्जिद का आधा हिस्सा सरयू नदी के ऊपर लटका है। कभी भी इसका बाकी हिस्सा नदी में समा सकता है।IMD ने सोमवार को 70 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।