दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर पूर्व रेलवे चलाएगा 29 स्पेशल ट्रेनें पूर्व रेलवे ने दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे आगामी त्योहारों के लिए यात्रियों की भीड़ को देखते हुए व्यापक तैयारी की गई है। इसके तहत 29 विशेष ट्रेनों की घोषणा की गई है। पूर्व रेलवे, जिसका मुख्यालय कोलकाता में है, ने अब तक 29 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है, जिसे अधिसूचित भी कर दिया है।
पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक डा. उदय शंकर झा के अनुसार ये ट्रेनें अप दिशा में 299 और डाउन दिशा में 299 यानी कुल 598 फेरे लगाएंगी। इनमें हावड़ा, सियालदह, कोलकाता, आसनसोल, मालदा टाउन और भागलपुर से न्यू जलपाईगुड़ी, पटना, गोरखपुर, रक्सौल, वाराणसी, दिल्ली, अमृतसर सहित विभिन्न शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
पीसीसीएम के अनुसार त्योहारी मांग को देखते हुए पूर्व रेलवे की ओर से जल्द ही चार से पांच और स्पेशल ट्रेनों को अधिसूचित किया जाएगा। पूर्व रेलवे द्वारा जारी विवरण के मुताबिक स्पेशल ट्रेनें एक अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच चलेंगी।