यूपी के बुलंशहर स्थित अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र के एचौरा गांव में रविवार देर शाम सात बजे के लगभग एक दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 10 साल पुराने एक मकान की जर्जर दीवार अचानक ढह गई, जिसके मलबे में दबकर दादी और उनकी 11 साल की पोती की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।

मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने मलबे में दबे दोनों लोगों को बाहर निकाला और तुरंत अनूपशहर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार अनूपशहर प्रिया देवी सरकारी अस्पताल पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली। मधुप कुमार के अनुसार मामला संज्ञान में आते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है और घटना स्थल का निरीक्षण किया जा रहा है।
मृतकों की पहचान ओमवती (62) पत्नी स्व. होराम सिंह और उनकी नातिन कुमकुम (11) पुत्री सोहनपाल के रूप में की गई । परिजनों के अनुसार, दोनों घर के अंदर मौजूद थीं, तभी अचानक 10 साल पुरानी दीवार भरभराकर उन पर गिर गई।