राज रानी एक्सप्रेस की चपेट में आए पांच युवक, चार की मौत; एक की हालत गंभीर,श्रीकाकुलम जिले में राज रानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पांचों युवक रेलवे ट्रैक पर चल रहे थे और मछली पकड़ने के बाद लौट रहे थे। सभी डामरू गांव के रहने वाले और छात्र बताए गए हैं। पुलिस हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में बुधवार को दर्दनाक ट्रेन हादसा हुआ। टेक्कली मंडल के रविवलासा के पास राज रानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव का काम शुरू किया।श्रीकाकुलम के पुलिस अधीक्षक केवी महेश्वर रेड्डी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि हादसे में चार छात्रों की मौत हुई है और एक घायल है। सभी छात्र 20 साल से कम उम्र के थे और आसपास के गांवों के रहने वाले थे।मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर दुख जताया और मृत छात्रों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।