पुणे के ओल्ड सांगवी इलाके में दही हांडी कार्यक्रम के समापन के बाद लोहे का एक अस्थायी ढांचा अचानक गिरने से 45 वर्षीय महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई, वहीं मुंबई में दही हांडी फोड़ने के लिए ऊंचे मानव पिरामिड बनाने के दौरान 22 गोविंदा घायल हो गए हैं।पुणे के ओल्ड सांगवी इलाके में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ।
पुलिस के अनुसार, विघ्नहर्ता मंडल द्वारा आयोजित दही हांडी कार्यक्रम के समाप्त होने के बाद जब मजदूर लोहे के अस्थायी पंडाल को हटा रहे थे, तभी एक भारी हिस्सा 45 वर्षीय सलमा सलाउद्दीन पठान पर गिर गया।इस हादसे में महिला के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतका का बेटा इसी आयोजक मंडल से जुड़ा हुआ था। परिवार के सदस्यों ने आयोजकों के खिलाफ कोई भी शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है।इसके साथ ही, परिवार ने पुलिस से भी इस मामले में अपनी तरफ से कोई केस दर्ज न करने का अनुरोध किया है। फिलहाल, पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और ढांचे के गिरने के कारणों की जांच कर रही है।
दूसरी ओर, मुंबई में ऊंचाई पर बांधी गई दही हांडी को फोड़ने के लिए बहुमंजिला मानव पिरामिड बनाने की कोशिश में 22 गोविंदा घायल हो गए। बीएमसी के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इन 22 घायलों में से 21 को इलाज के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, शहर के अस्पतालों में 20 घायलों को भर्ती कराया गया था, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके अलावा, एक पूर्वी उपनगर में घायल हुए गोविंदा को भी छुट्टी दे दी गई है, जबकि पश्चिमी उपनगर में घायल हुए एक अन्य गोविंदा का अस्पताल में इलाज चल रहा है।