दिल्ली एनसीआर में सोमवार को मौसम ने फिर ली करवट। गाजियाबाद, नोएडा फरीदाबाद समेत एनसीआर के कई इलाकों में झमा झम बारिश। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। दिल्ली में 11 बजे से आई तेज बारिश से राजधानी का मौसम बदला। बारिश के साथ चली तेज हवाओं से रास्तों में वाहन चालकों और सुबह-सुबह कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को दिक्कत हुई। दिल्ली में कई स्थानों पर रोड पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। मौसम विभाग ने सोमवार को कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई।
फरीदाबाद में बारिश ने लोगों को पिछले कुछ दिनों से सता रही उमस और गर्मी से थोड़ी राहत पहुंचाई है। गाजियाबाद, नोएडा में काले बादल छाए हुए हैं और हवा के साथ बारिश हो रही है। जिसके चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और जाम की स्थिति पैदा हो गई। बारिश के बीच सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। ऑफिस जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं ।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को कम दबाव का क्षेत्र घटेगा, लेकिन कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। नमी 60 प्रतिशत से अधिक रहने के कारण उमस परेशान करेगी। मंगलवार से अगले शनिवार तक बादलों की आवाजाही कम रहेगी और धूप निकलने से अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती हैं ।