दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर सुरक्षा घेरा हटा,इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग से बैरिकेड्स हटने के बाद की गई कार्रवाई। दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव के बीच उठाया गया कदम । भारत ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर से बाहरी सुरक्षा घेरा और ट्रैफिक बैरिकेड्स हटा दिए हैं। यह कार्रवाई इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के बाहर से सुरक्षा अवरोधक हटाए जाने के कुछ दिनों बाद की गई।
नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर से सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि उच्चायोग के बाहर बाड़े की तरह लगाया गया बाहरी सुरक्षा घेरा हटा दिया गया है। अधिकारियों ने ट्रैफिक बोलार्ड और बैरिकेड्स भी हटा दिए हैं। पहले इस डिप्लोमैटिक परिसर की सुरक्षा के कारण यहां घेरा बनाकर रखा गया था।

गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के संबंध में तनाव लंबे समय से बरकरार है। हाल ही में पाकिस्तान द्वारा इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के बाहर लगाए गए पार्किंग पोल और अवरोधकों को हटाया गया था, जिसके बाद अब भारत ने भी नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर से सुरक्षा घेरे को हटा दिया है।
भारतीय अधिकारियों के अनुसार , पाकिस्तानी कमीशन के वीजा सेक्शन के पास लगाए गए लाइन-मैनेजमेंट बैरियर समेत ये ढांचे कंपाउंड की मंजूर सीमा के बाहर एक गली में बने हुए थे और कार्रवाई के तहत इन्हें हटा दिया गया।