भारतीय रेलवे जींद-सोनीपत के बीच चल रही हाइड्रोजन ट्रेन को दिल्ली के आजादपुर तक बढ़ाने की तैयारी मे है। ख़बरों के अनुसार, विस्तार से पहले सुरक्षा और परिचालन पहलुओं की समीक्षा की जा रही है। मौजूदा रूट पर कम यात्रियों के कारण ट्रेन रोजाना एक फेरा लगा रही है। भारतीय रेलवे अपनी इकलौती हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन की सेवा को दिल्ली तक बढ़ाने की योजना बना रहा है। फिलहाल यह ट्रेन हरियाणा के 89 किलोमीटर लंबे जींद-सोनीपत रूट पर चल रही है।
इस रूट पर यात्रियों की संख्या बेहद कम है। ट्रेन में अधिकतम 2,600 यात्रियों के बैठने की क्षमता है, लेकिन जींद से सोनीपत के पूरे सफर के दौरान केवल 40 से 60 यात्री ही इसमें सफर करते हैं। कम यात्रियों की वजह से ट्रेन फिलहाल रोजाना सिर्फ एक फेरे लगा रही है। शुरुआती घोषणा के अनुसार, इसे जींद और सोनीपत के बीच रोजाना दो फेरे लगाने थे।
उत्तर रेलवे पिछले दो महीने से इस ट्रेन का सफल संचालन कर रहा है। अब विशेषज्ञों की टीम इसे दिल्ली के आजादपुर स्टेशन तक बढ़ाने के लिए जरूरी उपायों पर काम कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के संचालन और दिल्ली तक विस्तार के ट्रायल रन की नियमित निगरानी विशेषज्ञों का एक समूह कर रहा है। यह नई तकनीक है, इसलिए यात्रियों की सुरक्षा को सबसे ज्यादा महत्व दिया जा रहा है। विस्तार का फैसला सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद लिया जाएगा।हाइड्रोजन ट्रेन ने पहले इस रूट पर चलने वाली डेमो ट्रेन की जगह ली थी। उस ट्रेन में भी यात्रियों की संख्या काफी कम रहती थी।