अरब सागर में INS कोलकाता और PNS हुनैंन के बीच टक्कर पर भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि INS कोलकाता सुरक्षित है ।भारत ने पाक के नौसैनिक टक्कर के आरोपों को सिरे से खारिज किया।
विदेश मंत्रालय ने कहा INS कोलकाता को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।अरब सागर में पाकिस्तानी और भारतीय नौसेना के जहाजों के बीच टक्कर हुई। INS कोलकाता और पाकिस्तानी नौसैनिक पोत PNS हुनैन के बीच हुई टक्कर को लेकर दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव बढ़ गया है। इस बीच टक्कर पर भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को इस्लामाबाद पर सच्चाई छिपाने और टाल मटोल रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में INS कोलकाता को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है और वह पूरी तरह सुरक्षित है।
रणधीर जायसवाल ने कहा, “हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच कुछ घटनाएं हुई हैं, जिनके संबंध में मैं कुछ तथ्य स्पष्ट करना चाहता हूं। हमने अपने विरोध पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया देखी है।पीएनएस हुनैन द्वारा खतरनाक तरीके से ओवरटेक करने की कोशिश, अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच ‘सैन्य अभ्यासों,युद्धाभ्यासों व सैन्य आवाजाही की अग्रिम सूचना’ से संबंधित समझौते के अनुच्छेद 10 का गंभीर उल्लंघन थी। यह अनुच्छेद स्पष्ट रूप से निर्देश देता है कि समुद्र में नौसैनिक इकाइयों को एक-दूसरे से कम से कम तीन नॉटिकल मील की दूरी बनाए रखनी चाहिए।”
बीते 15 सितंबर को आईएनएस कोलकाता अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में नियमित तैनाती पर था, इसी दौरान पीएनएस हुनैन ने खतरनाक तरीके से ओवरटेकिंग की कोशिश की, जिसके परिणामस्वरूप यह टक्कर हुई। हालांकि, पाकिस्तान ने भारत के इस दावे का खंडन किया है और भारतीय युद्धपोत पर अपने नौसैनिक पोत के निकट आक्रामक युद्धाभ्यास करने का आरोप लगाया।
भारत का कहना है कि टक्कर से पहले पीएनएस हुनैन तेज गति से आईएनएस कोलकाता के करीब आ गई थी, और उसने इस क्रियाविधि को द्विपक्षीय समझौते के साथ-साथ समुद्र में टक्करों को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन बताया है।