जापान में रविवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. राजधानी टोक्यो समेत पूर्वी जापान के कई इलाकों में आए इस भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 5.9 मापी गई है
जापान की राजधानी टोक्यो और आसपास के पूर्वी क्षेत्रों में रविवार तड़के 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। इस झटके से टोक्यो समेत कई इलाकों में अफरातफरी मच गई और लोग डरकर अपने घरों से बाहर निकल आए। इस दौरान 20 से अधिक लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, कुछ स्थानों पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं और बिजली गुल रही, लेकिन सुनामी का कोई खतरा नहीं है।

भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई और इसका केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में जमीन से 70 किलोमीटर की गहराई पर था। टोक्यो के कोटो वार्ड में एक भूमिगत पानी की पाइपलाइन फट गई, जिससे सड़क पर पानी भर गया।
इसके अलावा टोक्यो के लगभग 460 घरों की बिजली कुछ समय के लिए गुल हो गई थी।जोबान और कुछ अन्य लाइनों पर ट्रेन सेवाओं को एहतियातन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। परमाणु संयंत्रों फुकुशिमा में किसी प्रकार की असामान्यता या खतरे की सूचना नहीं है।
राहत की बात रही कि इस भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई।