राजधानी रांची में भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहा छात्रों का आंदोलन थम गया । झारखंड सरकार को दिया गया दो महीने का अल्टीमेटम जांच नहीं हुई तो फिर रांची में जुटेंगे छात्र झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ चल रहा छात्रों का आंदोलन खत्म हो गया है। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने सरकार को मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच पूरी करने के लिए दो महीने का समय दिया है।
कोर कमेटी के छात्रों ने दावा किया कि राज्य सरकार ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से लिया है। छात्रों के अनुसार आंदोलन के दबाव के बाद सरकार ने 22 भर्ती परीक्षाएं रद्द की हैं, जबकि कई अन्य परीक्षाओं की जांच अभी जारी हैं ।
छात्रों के अनुसार जब सरकार ने परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों की जांच शुरू कर दी है, तो उसे निष्पक्ष तरीके से जांच पूरी करने का समय दिया जाना चाहिए। इसी वजह से फिलहाल आंदोलन को खत्म करने का फैसला लिया गया है।जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा विवाद को लेकर अलग-अलग गुटों की ओर से आंदोलन किया जा रहा था। देवेंद्रनाथ गुट ने भी अपना आंदोलन समाप्त करने का ऐलान किया था। इसके बाद मंगलवार को जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने भी आंदोलन खत्म करने की घोषणा कर दी।
तय समय में जांच पूरी नहीं होने पर छात्र फिर से सड़क पर उतरेंगे। जिला प्रशासन ने भी बीती रात आंदोलन में शामिल छात्रों से अपने-अपने घर लौटने की अपील की थी। प्रशासन की ओर से कहा गया था कि बुधवार दोपहर तक सभी छात्र धरना स्थल खाली कर अपने घर चले जाएं।