नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मल्टी मॉडल कार्गो हब से अगले एक साल में करीब 200 मालवाहक उड़ानें संचालित करने की योजना है, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री विमानों के साथ अब मालवाहक विमानों की गतिविधियां भी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने की तैयारी में हैं। एयरपोर्ट के मल्टी माडल कार्गो हब से आगामी एक वर्ष में करीब 200 मालवाहक उड़ानों के संचालन की योजना पर काम चल रहा है। इसके लिए निर्धारित और गैर-निर्धारित मालवाहक उड़ानों के लिए बाजार की मांग, कार्गो क्षमता और संभावित मार्गों की तलाश की जा रही है, शुरुआत में पशुधन की कार्गो के लिए विशेष उड़ानों पर जोर रहेगा।
कार्गो उड़ानों का असर एयरपोर्ट परिसर तक सीमित नहीं रहेगा। माल की आवाजाही बढ़ने के साथ जेवर और आसपास के क्षेत्र में वेयरहाउसिंग, पैकेजिंग, कोल्ड स्टोरेज, परिवहन, माल ढुलाई और अन्य लाजिस्टिक्स सेवाओं की मांग बढ़ना तय है। स्थानीय स्तर पर छोटे-बड़े कारोबारियों के लिए भी उत्पादों को दूर के बाजारों तक तेजी से पहुंचाने का विकल्प तैयार होगा। खेत और उत्पादन केंद्र से एयरपोर्ट तक माल पहुंचाने के लिए स्थानीय परिवहन नेटवर्क विकसित होने से नए कारोबार की संभावनाएं बनेंगी स्पाइसएक्सप्रेस के साथ प्रस्तावित संचालन में उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे प्रमुख पशुधन उत्पादक क्षेत्रों से कम समय में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।