पटना समेत कई जिलों में पिछले 24 घंटे से रुक रुक कर हो रही है बारिश । कई जगहों पर जलजमाव हो गया है। गंगा भी उफान पर है। इस सप्ताह बारिश की स्थिति ऐसी ही रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बिहार में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। बुधवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। पटना में मंगलवार दोपहर से ही रुक रुक कर बारिश हो रही है।

बुधवार सुबह भी झमाझम बारिश हुई। आसमान में बादल छाए हैं। कई इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने दो, तीन और चार सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चल सकती है। वहीं पांच और छह सितंबर को वज्रपात और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बिहार के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां अधिक रहने की संभावना है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में बारिश हो सकती है। इसके अलावा सहरसा, पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा में भी कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में मौसम के अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है।