एसआरसीसी आज अपनी स्थापना के 100 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम सात बजे शताब्दी समारोह में शामिल हुए। वह 2013 के बाद करीब 13 साल में पहली बार एसआरसीसी लौट रहे हैं और इस बार प्रधानमंत्री के तौर पर पहुंचें। शिक्षक दिवस के मौके पर होने वाला यह कार्यक्रम शिक्षा और युवाओं के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स यानी एसआरसीसी का आज शताब्दी समारोह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम सात बजे समारोह में शामिल हुए। इस समारोह में शामिल होने के लिए पीएम मोदी ने दिल्ली मेट्रो का सहारा लिया और बच्चों से बात भी की।

शिक्षक दिवस के दिन हो रहे इस समारोह में पीएम मोदी ने कहा कि इस शताब्दी समारोह के लिए मैं आप सबको बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि साथियों जब कोई इंसान 100 वर्ष का होता है तो उसे अनुभव का खान कहा जाता है, लेकिन जब कोई संस्थान 100 वर्ष पूरे करता है तो वह उपलब्धियों का महासागर हो जाता है।
अपनी 100 वर्षों की इस यात्रा में एसआरसीसी ने पीढ़ियों को गढ़ा है। उन्हें उज्ज्वल भविष्य से जोड़ा है। जो आए उन्होंने पढ़ा, और जो निकले वे गढ़े हुए निकले। इस कॉलेज की यात्रा दरियागंज के एक छोटे से संस्थान से शुरू हुई थी। आज वही छोटा कॉलेज एक विशाल वृक्ष बन चुका है। एक ऐसा विशाल वृक्ष जिसने कई पीढ़ियों को छांव दी और अपनी शीतलता से समृद्ध किया है।