पश्चिम एशिया में फिर से बढ़ा तनाव होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर निकल रहे एक जहाज को मंगलवार तड़के अज्ञात प्रोजेक्टाइल ने निशाना बनाया। ब्रिटिश सेना के यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) केंद्र के अनुसार, हमले में जहाज के इंजन रूम को नुकसान पहुंचा और चालक दल का एक सदस्य हताहत बताया जा रहा हैं । हमले की तत्काल किसी संगठन या देश ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
पश्चिम एशिया के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बड़े वाणिज्यिक मालवाहक जहाज पर ड्रोन या मिसाइल से हमला किए जाने की खबर है। इस घातक हमले में जहाज का इंजन रूम गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है।ख़बरों के अनुसार, विस्फोट की चपेट में आने से चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई है। इस ताज़ा सैन्य हमले के बाद पूरे पश्चिम एशिया क्षेत्र में तनाव एक बार फिर से बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है।
ख़बरों के अनुसार ओमान का तटरक्षक बल जहाज के अन्य चालक दल के सदस्यों की मदद कर रहा है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, अब तक इस घटना के कारण समुद्र में किसी तरह के पर्यावरणीय नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
शिपिंग कंपनी द्वारा जारी बयान के अनुसार , हमले के वक्त इंजन रूम में ड्यूटी पर तैनात चालक दल के एक सदस्य की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य नाविक गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें आपातकालीन चिकित्सा सहायता दी जा रही है। सुरक्षा कारणों से अभी हताहत हुए नागरिकों की राष्ट्रीयता और जहाज के नाम का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।
होर्मुज जलडमरू मध्य दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्ग है, जहाँ से दुनिया का लगभग 20% कच्चा तेल गुजरता है। इस इलाके में व्यावसायिक जहाजों पर हमले से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े और ब्रिटेन के मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ने इस क्षेत्र से गुजरने वाले सभी जहाजों को अत्यधिक सावधानी बरतने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सख्त चेतावनी जारी की है।