उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट के बीच बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए 10 जिलों में स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। गोरखपुर और बस्ती मंडल के पांच जिलों गोरखपुर, महराजगंज, बस्ती, संतकबीर नगर और सिद्धार्थनगर में विद्यालयों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। इनमें संतकबीर नगर में कक्षा आठवीं तक के स्कूल बंद रहेंगे, जबकि अन्य जिलों में 12वीं तक के विद्यालयों में अवकाश रहेगा।शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को जरूरी विभागीय कार्यों के लिए स्कूल जाना होगा।
बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलजमाव और आवागमन की समस्या सामने आ रही है। ऐसे में प्रशासन ने विद्यालय आने वाले बच्चों को किसी तरह की परेशानी से बचाने के लिए अवकाश घोषित किया है। संबंधित शिक्षा अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश और मौसम की प्रतिकूल स्थिति को देखते हुए गोरखपुर, महराजगंज, बस्ती और सिद्धार्थनगर में कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यालय बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। संतकबीर नगर में कक्षा एक से आठवीं तक के स्कूल बंद रहेंगे। प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।इससे पहले जौनपुर, मिर्जापुर और भदोही में भी बारिश के मद्देनजर स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
जौनपुर में मौसम विभाग के रेड अलर्ट और लगातार हो रही अतिवृष्टि के कारण 26 सितंबर को कक्षा एक से आठवीं तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। कक्षा एक से 12वीं तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। भदोही में भी 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहां मौसम विभाग ने 27 सितंबर तक बारिश का ओरेंज अलर्ट जारी किया है।