स्वाइन फ्लू से राजधानी लखनऊ में पहली मौत हुई है। इंदिरा नगर की रहने वाली महिला में जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। अब परिवार के लोगों पर नजर रखी जा रही है।
राजधानी लखनऊ में स्वाइन फ्लू जानलेवा हो चुका है। स्वाइन फ्लू से ग्रस्त महिला की बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान बलरामपुर अस्पताल में मौत हो गई। महिला की निजी केंद्र से हुई आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट पॉजिटिव थी।

महिला को कुछ दिन पहले सर्दी-जुकाम, बुखार और सांस लेने में तकलीफ हुई थी। परिवारीजनों ने पहले निजी अस्पताल में इलाज कराया। लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। करीब 25 दिन तक महिला निजी अस्पताल में भर्ती रही थी। हालत गंभीर होने पर बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया था। भर्ती होने के बाद महिला की सांस लेने में परेशानी लगातार बढ़ती गई।
हालत गंभीर होने पर उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ जीवनरक्षक उपकरणों पर रखा गया। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी रहा, लेकिन 2.30 बजे मरीज की मौत हो गई। स्वाइन फ्लू से पहली मौत होने के बाद विभाग में हड़कंप मचा है।