समुद्री लुटेरों ने यमन और सोमालिया तट के पास दो वाणिज्यिक जहाजों को हाईजैक कर लिया है, इन दोनों जहाजों पर कुल 22 भारतीय नागरिक समेत 30 क्रू सदस्य सवार थे। विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार हाईजैक किए गए दोनों जहाज विदेशी झंडे वाले हैं।

प्रेस ब्रीफिंग के दौरान रणधीर जायसवाल ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग परिसर में तोड़फोड़ को लेकर भी भारत सरकार का रुख साफ किया। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग के परिसर में कुछ ढांचों को जबरन हटा दिया गया था, जबकि भारत ने ऐसा न करने का अनुरोध किया था।
जायसवाल के अनुसार पाकिस्तान की इस हरकत के बाद भारत ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए जवाबी कार्रवाई की है। इसके तहत दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के बाहर सड़क की लेन में बनी कुछ अस्थायी संरचनाओं को हटा दिया गया है।