मध्य प्रदेश में जल्द ही पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर तबादले होने की संभावना है। सरकार दो रेंज के IG की नई पोस्टिंग के साथ कुछ जिलों के SP भी बदलने की तैयारी में है। इसके अलावा 132 IPS और SPS अधिकारियों को DSP और SDOP के पद पर पदस्थ करने वाली तबादला सूची को भी जल्द मंजूरी मिल सकती है।
ADG इंटेलिजेंस साईं मनोहर सोमवार को रिटायर हो रहे हैं। सरकार ने दो दिन पहले ही अंशुमान यादव को ADG इंटेलिजेंस पदस्थ कर दिया है। ख़बरों के अनुसार साईं मनोहर को रिटायरमेंट के बाद मुख्यमंत्री का सुरक्षा सलाहकार बनाया जा सकता है। उनकी संविदा पदस्थापना के आदेश जल्द जारी होने की संभावना है।
ग्वालियर और सागर को नए IG का इंतजार,ग्वालियर रेंज के IG अरविंद सक्सेना 31 जुलाई को रिटायर हो चुके हैं। उनके बाद से IG का प्रभार DIG असित यादव के पास है। अब सरकार यहां नए IG की पोस्टिंग करने की तैयारी में है। वहीं सागर रेंज के IG मिथलेश शुक्ला भी सोमवार को रिटायर हो रहे हैं। ऐसे में ग्वालियर के साथ सागर रेंज को भी नया IG मिलने की संभावना है। दोनों पदों पर जल्द आदेश जारी हो सकते हैं।

गृह विभाग ने 132 IPS और SPS अधिकारियों को DSP और SDOP के पद पर पदस्थ करने की सूची तैयार की है। यह फाइल मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच चुकी है। सूची में राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों के साथ 2024-25 बैच के IPS अधिकारी भी शामिल हैं। इन अधिकारियों की जिलों में DSP और SDOP के तौर पर पोस्टिंग की जानी है।
तबादला सूची में कुछ जिलों के SP के नाम भी शामिल किए जा सकते हैं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक कुछ ऐसे अधिकारियों को जिलों की कमान सौंपी गई थी, जिन्हें बाद में IPS अवार्ड मिला।